रामकोला में सपा की चुनावी हुंकार, सातों सीटों पर जीत का संकल्प
पारदर्शी विकास न्यूज़ कुशीनगर। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की तैयारी तेज कर दी है। मंगलवार को रामकोला कस्बे के एक मैरेज हाल में सपा की कार्यकर्ता बैठक हुई। दोपहर 12 से तीन बजे तक चली बैठक में बूथ से लेकर विधानसभा स्तर तक के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि चुनाव में संगठन की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। बूथ मजबूत होगा तो पार्टी की स्थिति मजबूत होगी। कार्यकर्ताओं को आपसी मतभेद भुलाकर घर-घर संपर्क करना होगा और पार्टी की नीतियों व विचारों को जनता तक पहुंचाना होगा। उन्होंने कहा कि कुशीनगर की सभी सातों विधानसभा सीटों पर पार्टी प्रत्याशियों को जिताने के लिए कार्यकर्ता पूरी ताकत से काम करेंगे।बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में श्यामलाल पाल ने भाजपा सरकार पर लोकतंत्र को कमजोर करने और पीडीए वर्ग के साथ धोखा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाए। वहीं, INDI गठबंधन को लेकर उन्होंने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व का निर्णय ही अंतिम होगा। बैठक में कार्यकर्ताओं ने चुनाव में पूरी ताकत से जुटने का संकल्प लिया।