news-details

राम मंदिर चढ़ावा विवाद: आरोप-प्रत्यारोप के बीच जांच की मांग तेज

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। श्रद्धालुओं के दान में कथित गड़बड़ी और चोरी के आरोपों ने सियासी और धार्मिक दोनों स्तर पर हलचल बढ़ा दी है। इस बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी इस मुद्दे पर सवाल उठाते हुए पारदर्शिता की मांग की है। वहीं खुद को राम जन्मभूमि मंदिर का पूर्व लेखा प्रभारी बताने वाले महिपाल सिंह के दावों ने मामले को और गंभीर बना दिया है।हालांकि, भारतीय जनता पार्टी और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि चढ़ावे से जुड़ी किसी भी प्रकार की अनियमितता की बात पूरी तरह गलत और भ्रामक है। इसके बावजूद लगातार सामने आ रहे बयानों और आरोपों के चलते मामला चर्चा में बना हुआ है।इसी बीच करतलिया बाबा आश्रम के पीठाधीश्वर महंत बालयोगी रामदास महाराज ने भी पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के मंदिर से जुड़ी किसी भी वित्तीय अनियमितता की खबरें अत्यंत गंभीर और चिंताजनक हैं। उनके अनुसार सोशल मीडिया और स्थानीय रिपोर्टों में लगाए जा रहे आरोपों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता, इसलिए सच्चाई सामने आनी चाहिए।महंत बालयोगी रामदास ने यह भी कहा कि यदि वायरल वीडियो और आरोप झूठे हैं, तब भी स्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए ताकि श्रद्धालुओं के मन में पैदा हुआ भ्रम समाप्त हो सके। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की उच्च स्तरीय और पारदर्शी जांच हो और यदि कोई दोषी पाया जाए तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में आस्था के केंद्रों से जुड़े मामलों में कोई लापरवाही न हो।इस पूरे विवाद के बीच अब धार्मिक और सामाजिक संगठनों की प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगी हैं। फिलहाल सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि जांच और आधिकारिक स्तर पर आगे क्या कदम उठाए जाते हैं।