
PARDARSHI VIKASH NEWS अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे में कथित अनियमितताओं की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) ने मंगलवार को अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंप दी। सूत्रों के अनुसार करीब 150 पन्नों की इस रिपोर्ट में एफआईआर दर्ज करने, ट्रस्ट के पुनर्गठन और मंदिर प्रशासन की निगरानी के लिए किसी वरिष्ठ आईएएस अधिकारी को मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त करने जैसी सिफारिशें की गई हैं। रिपोर्ट में पिछले पांच वर्षों के चढ़ावे और वित्तीय लेन-देन का विशेष ऑडिट कराने का सुझाव भी दिया गया है। बताया गया है कि जांच के दौरान 150 से अधिक लोगों से पूछताछ की गई और कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों की समीक्षा की गई। मामले में गिरफ्तार पांच आरोपियों की निशानदेही पर लगभग दो करोड़ रुपये की बरामदगी हो चुकी है, जबकि एक आरोपी के घर से सोना भी मिला है। शुरुआती अनुमानों में वित्तीय अनियमितताओं की राशि 200 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। SIT ने विस्तृत जांच के लिए अतिरिक्त समय भी मांगा है। रिपोर्ट गृह विभाग को सौंप दी गई है और अब इस पर अंतिम निर्णय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लिया जाएगा।