news-details

राम मंदिर चढ़ावा मामले की जांच तेज, पांचवें दिन भी अयोध्या पहुंची SIT

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के आरोपों की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) लगातार पांचवें दिन अयोध्या पहुंची और मंदिर ट्रस्ट से जुड़े पदाधिकारियों व बैंक अधिकारियों से पूछताछ की। टीम ने ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा और निर्माण प्रभारी गोपाल राव से अलग-अलग बातचीत की। साथ ही स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के वर्तमान और पूर्व शाखा प्रबंधकों से भी जानकारी ली। सूत्रों के अनुसार, जांच का पहला चरण पूरा होने के बाद SIT 20 जून को अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सौंप सकती है। इस बीच मुख्यमंत्री के अयोध्या दौरे के दौरान चंपत राय को आधिकारिक कार्यक्रमों से दूर रहने के निर्देश दिए गए हैं।मामले में अब तक लवकुश, अवनीश, अनुकल्प, करुणे और रामशंकर उर्फ टिन्नू समेत पांच लोगों के नाम सामने आए हैं। जांच एजेंसियां उनकी निशानदेही पर लगभग दो करोड़ रुपये की बरामदगी कर चुकी हैं। सभी आरोपी दान राशि की गिनती और प्रबंधन से जुड़े बताए जा रहे हैं। रामशंकर यादव के घर से सोना भी बरामद हुआ है, जिसकी मात्रा की पुष्टि अभी नहीं हुई है। इससे पहले 7 जून को पूर्व मंत्री पवन पांडेय ने मंदिर के चढ़ावे में करोड़ों रुपये की चोरी का आरोप लगाया था, जिसके बाद विवाद बढ़ा और जांच की मांग तेज हो गई। भाजपा नेता डॉ. रजनीश सिंह द्वारा प्रधानमंत्री को पत्र लिखे जाने के बाद प्रधानमंत्री कार्यालय ने भी मंदिर ट्रस्ट से रिपोर्ट तलब की थी। जांच को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी जारी है, जबकि SIT लगातार दस्तावेजों, बैंक रिकॉर्ड और संबंधित कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है।