
PARDARSHI VIKASH NEWS अयोध्या। राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में जेल में बंद आठ आरोपियों के घर रविवार सुबह पुलिस ने एक साथ बड़ी कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। सुबह करीब 7 बजे पुलिस की आठ टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर आरोपियों के घरों की तलाशी ली। इस दौरान तीन आरोपियों के घरों पर ताला मिला, जबकि अन्य के यहां दस्तावेज, बैंक खातों और संपत्तियों से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की गई। कार्रवाई के दौरान राजस्व विभाग के अधिकारियों और लेखपालों को भी शामिल किया गया।स्वर्गद्वार मोहल्ले में आरोपी रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू के घर पर शुरुआत में ताला मिला। कुछ देर बाद उनकी मां पहुंचीं और दरवाजा खोला, जिसके बाद पुलिस ने घर की तलाशी लेकर परिजनों से पूछताछ की। टिन्नू के भतीजे मनीष यादव और आरोपी सुभाष चंद्र श्रीवास्तव के घर भी बंद मिले, जहां पुलिस ने पड़ोसियों से जानकारी जुटाई। वहीं कौशलपुरी स्थित आरोपी अनुकल्प मिश्रा के घर पर पुलिस ने संपत्ति के दस्तावेज और बैंक खातों की जांच करते हुए परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज किए।आरएसएस की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य इंद्रेश कुमार ने कहा कि मामले की जांच एसआईटी कर रही है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद कानून के अनुसार कार्रवाई होगी।गौरतलब है कि चढ़ावा चोरी का मामला 7 जून को सामने आया था। इसके बाद 13 जून को एसआईटी का गठन किया गया। 25 जून को ट्रस्ट की शिकायत पर एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। अब पुलिस उनकी संपत्तियों और आर्थिक लेनदेन की भी गहन जांच कर रही है।