
PARDARSHI VIKASH NEWS प्रयागराज के मांडा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह रेलवे ट्रैक पार करते समय एक युवक ट्रेन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना दिघिया ओवरब्रिज के नीचे दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग पर हुई। घायल की पहचान 35 वर्षीय ओम प्रकाश विश्वकर्मा के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार, वह अप लाइन पार कर रहा था, तभी तेज रफ्तार ट्रेन की टक्कर लग गई। हादसे में उसके हाथ में फ्रैक्चर हो गया और शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पीआरवी पुलिस और रेलवे कर्मचारियों ने ग्रामीणों की मदद से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मांडा पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं बताई जा रही है। मांडा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाई और मामले की जांच शुरू कर दी है।