
PARDARSHI VIKASH NEWS राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी और हीटवेव जैसे हालात बने हुए हैं। रविवार को चारों राज्यों के 9 शहरों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया। राजस्थान का बाड़मेर 46.8°C तापमान के साथ देश का सबसे गर्म शहर रहा। वहीं जैसलमेर में 46.3°C और फलोदी में 46°C तापमान दर्ज किया गया।मध्य प्रदेश के रतलाम में तापमान 45.5°C तक पहुंच गया। राजधानी भोपाल में अधिकतम तापमान 40.4°C दर्ज हुआ, लेकिन लोगों को 42°C जैसी झुलसाने वाली गर्मी महसूस हुई। मौसम विभाग के अनुसार 11 और 12 मई को तापमान में 2 से 3 डिग्री तक और बढ़ोतरी हो सकती है। भोपाल में पारा 42 से 43 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है।गुजरात के राजकोट में 44.3°C और अमरेली में 44.1°C तापमान के कारण हीटवेव की स्थिति बनी रही। महाराष्ट्र के जलगांव में 44.5°C तापमान दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा।दूसरी ओर बिहार में आंधी और बारिश का दौर जारी है। राज्य के 19 जिलों में आंधी-बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। कैमूर जिले में रविवार को सबसे अधिक 38.4°C तापमान दर्ज किया गया।उत्तराखंड के कई हिस्सों, खासकर पहाड़ी इलाकों में 12 और 13 मई को बारिश और खराब मौसम की आशंका जताई गई है। गढ़वाल कमिश्नर ने चार धाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं से मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने और जरूरी होने पर यात्रा टालने की अपील की है।मौसम विभाग के अनुसार 12 मई को पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश और 30 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश के साथ ओलावृष्टि की संभावना है। बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और पूर्वोत्तर राज्यों में भी बिजली गिरने और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।13 मई को पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार और राजस्थान के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मौसम खराब बना रह सकता है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा में भी गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।