
PARDARSHI VIKASH NEWS कानपुर देहात के राजपुर नगर पंचायत और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में ‘हर घर नल जल योजना’ अपने उद्देश्य में पूरी तरह सफल नहीं हो पा रही है। शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए शुरू की गई यह योजना ठेकेदारों की अनियमितताओं के कारण प्रभावित बताई जा रही है, जिससे कई घरों तक अब तक पानी की आपूर्ति नहीं पहुंच सकी है।राजपुर कस्बे में बिछाई गई भूमिगत पाइपलाइन जगह-जगह से लीकेज हो रही है और कई स्थानों पर नलों से पानी टपकने की समस्या बनी हुई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि काम में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया, जिससे योजना का लाभ जनता तक नहीं पहुंच पा रहा है। शिकायतों के बाद नगर पंचायत ने कई स्थानों पर सड़कें खोदकर दोबारा पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू किया है।स्थानीय निवासियों का कहना है कि पहले पाइपलाइन डाली गई थी लेकिन पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हुई। अब बार-बार खुदाई के कारण आवागमन में भी परेशानी हो रही है और सड़कें लंबे समय से अधूरी पड़ी हैं। कई ग्रामीण अभी भी हैंडपंपों के सहारे पानी की जरूरत पूरी कर रहे हैं।नगर पंचायत से जुड़े गांवों में भी यही स्थिति देखने को मिल रही है, जहां न तो घरों में नल पूरी तरह लगाए गए हैं और न ही सड़क मरम्मत का काम पूरा हुआ है। लोगों का कहना है कि विकास योजनाएं केवल कागजों तक सीमित रह जाती हैं।नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी नीति त्रिपाठी ने बताया कि जल निगम के अधिकारियों को पत्राचार कर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जल्द से जल्द योजना को पूरा किया जा सके।