
राजपुर स्वास्थ्य केंद्र पर रविवार को आयोजित जन आरोग्य मेले में संक्रामक और मौसमी बीमारियों से पीड़ित मरीजों की संख्या अधिक रही। मेले में कुल 51 मरीजों का परीक्षण कर उपचार किया गया। इनमें बुखार, खांसी, पेट दर्द, उल्टी-दस्त, त्वचा रोग और उच्च रक्तचाप से पीड़ित मरीज प्रमुख रूप से पहुंचे।
चिकित्सकों ने बताया कि बदलते मौसम, बढ़ती गर्मी और दूषित खानपान के कारण संक्रामक रोग तेजी से बढ़ रहे हैं। मेले में पहुंचे कई मरीजों ने कई दिनों से बुखार और पेट संबंधी समस्याओं की शिकायत बताई। डॉक्टरों ने सभी मरीजों का परीक्षण कर आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराईं।
मेले में मौजूद डॉ. आशीष मिश्रा ने मरीजों को डायरिया, लू और गर्मी से होने वाली बीमारियों से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि ताजा भोजन करें, साफ पानी पिएं और शरीर में पानी की कमी न होने दें। इसके लिए ओआरएस घोल, नींबू पानी और शिकंजी का सेवन लाभकारी है।
उन्होंने लोगों को तेज धूप में बाहर निकलने से बचने और जरूरत पड़ने पर सिर, मुंह व कान को कपड़े से ढककर निकलने की सलाह दी।
इस दौरान डॉ. मनोज सर्राफ, फार्मासिस्ट शंकर सिंह, वार्ड बॉय गोविंद सिंह और एलटी अजीत पाल मौजूद रहे। स्वास्थ्य मेले में मरीजों को जागरूक भी किया गया।