
PARDARSHI VIKASH NEWS उत्तर प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री एवं अकबरपुर-रनिया विधानसभा क्षेत्र की विधायक प्रतिभा शुक्ला ने कानपुर देहात के अकबरपुर कस्बे में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित कर क्षेत्रीय लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों के शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।अकबरपुर स्थित एक निजी गेस्ट हाउस में आयोजित जनसुनवाई में विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों और कस्बों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। मंत्री ने एक-एक फरियादी की बात ध्यानपूर्वक सुनते हुए उनकी शिकायतों का संज्ञान लिया।जनसुनवाई के दौरान राजस्व, विद्युत, सड़क, आवास, पुलिस तथा अन्य विभागों से संबंधित कई मामले सामने आए। मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से शिकायतों की जानकारी ली और कई मामलों में तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे जनता की शिकायतों को गंभीरता से लें और उनके निस्तारण की नियमित समीक्षा करें।उन्होंने कहा कि जनसुनवाई कार्यक्रमों का उद्देश्य जनता और जनप्रतिनिधियों के बीच सीधा संवाद स्थापित करना तथा लोगों की समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए प्रतिबद्ध है और हर शिकायत का पारदर्शी तरीके से निस्तारण कराया जाएगा।