
Pardarshi Vikas News New Delhi/Guwahati
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के दिल्ली स्थित आवास पर मंगलवार दोपहर असम पुलिस की टीम पहुंची। यह कार्रवाई असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी रिनिकी भुइयां शर्मा द्वारा दर्ज कराई गई FIR के बाद की गई है। हालांकि पुलिस के पहुंचने के समय खेड़ा घर पर मौजूद नहीं थे, जिसके चलते टीम उनके लौटने का इंतजार करती रही। इस दौरान दिल्ली पुलिस भी असम पुलिस के साथ मौजूद रही।
पूरा मामला उस बयान से जुड़ा है, जो पवन खेड़ा ने दो दिन पहले दिया था। खेड़ा ने आरोप लगाया था कि मुख्यमंत्री सरमा की पत्नी के पास मिस्र, एंटीगुआ-बरबूडा और संयुक्त अरब अमीरात के पासपोर्ट हैं। उन्होंने दावा किया था कि यह मामला दोहरी नागरिकता और नियमों के उल्लंघन से जुड़ा हो सकता है। हालांकि इन आरोपों को मुख्यमंत्री और उनकी पत्नी ने सिरे से खारिज कर दिया है।
इस बीच मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि खेड़ा जांच से बचने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि खेड़ा गुवाहाटी से निकल गए और दिल्ली में भी अपने घर पर नहीं मिले। सरमा ने कहा कि कानून अपना काम करेगा और मामले की जांच निष्पक्ष तरीके से आगे बढ़ेगी।
रिनिकी भुइयां शर्मा ने सोमवार को इस मामले में FIR दर्ज कराते हुए कांग्रेस पर उनकी छवि खराब करने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं और इसमें कथित तौर पर AI जनरेटेड सामग्री और फोटोशॉप का इस्तेमाल किया गया है। उन्होंने इस मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है, जब असम में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अपने अंतिम चरण में है। राज्य में 9 अप्रैल को मतदान होना है और उसी दिन से पहले चुनाव प्रचार थम जाएगा। ऐसे में इस विवाद ने राजनीतिक माहौल को और गर्म कर दिया है।