
PARDARSHI VIKASH NEWS पथरी के ऑपरेशन से पहले महिला की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतका के ससुर ने नर्सिंग होम संचालक समेत तीन लोगों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना विशेषज्ञ डॉक्टर की मौजूदगी के ऑपरेशन की तैयारी शुरू कर दी गई, जिससे उनकी पुत्रवधू की जान चली गई।घटना 23 मई की सुबह लकूला मसेनी मार्ग स्थित एक नर्सिंग होम की है। राजेपुर थाना क्षेत्र के हरिहर गांव निवासी अश्वनी राठौर की 26 वर्षीय पत्नी श्वेता राठौर की ऑपरेशन से पहले मौत हो गई थी। मामले में जिलाधिकारी के निर्देश पर नर्सिंग होम को सील कर दिया गया था।मृतका के ससुर सत्यपाल सिंह ने राजेपुर थाने में क्लीनिक संचालक, अस्पताल संचालक और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और पुलिस महानिदेशक को भी पत्र भेजा है।तहरीर में आरोप लगाया गया है कि 22 मई को क्लीनिक संचालक ने श्वेता को अस्पताल में भर्ती कराया था। अगले दिन सुबह करीब 8:15 बजे उसे ऑपरेशन थिएटर में ले जाया गया, लेकिन वहां एनेस्थीसिया देने के लिए कोई डॉक्टर या अनुभवी सर्जन मौजूद नहीं था।परिजनों का आरोप है कि कर्मचारियों ने ही ऑपरेशन से पहले की प्रक्रिया शुरू कर दी। इसी दौरान श्वेता की हालत बिगड़ने लगी और वह चीखने लगी। विरोध करने पहुंचीं परिजनों को बाहर कर दिया गया।सत्यपाल सिंह ने आरोप लगाया कि अस्पताल संचालकों ने उन्हें गुमराह किया और लापरवाही के चलते उनकी पुत्रवधू की मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।