news-details

पटना में खान सर की कोचिंग पर हमला, प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संचालक समेत 3 गिरफ्तार

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS पटना। राजधानी पटना के मुसल्लहपुर हाट क्षेत्र स्थित खान सर की कोचिंग संस्था पर मंगलवार रात हुए हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रोशन आनंद और उनके दो सहयोगियों अभिषेक व गौरव को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस तीनों से पूछताछ कर रही है और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी की जा रही है।हमले का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग कोचिंग के सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट करते और पोस्टर फाड़ते दिखाई दे रहे हैं। घटना के दौरान ईंट-पत्थर भी फेंके गए, जिससे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। हमले में घायल गार्ड को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।खान सर ने आरोप लगाया है कि हमले के पीछे ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक और उसके कर्मचारी हैं। उन्होंने कहा कि उनकी संस्था गरीब और जरूरतमंद छात्रों को शिक्षा उपलब्ध कराने का काम करती है, जिससे कुछ लोग परेशान हैं। घटना के बाद सुरक्षा कारणों से कोचिंग संस्थान को एक दिन के लिए बंद कर दिया गया।पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में पता चला है कि विवाद एक पोस्टर को लेकर शुरू हुआ था। खान सर की कोचिंग का पोस्टर ज्ञान बिंदु कोचिंग के बोर्ड के ऊपर लगाए जाने के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ा, जो बाद में हिंसक रूप ले बैठा।पटना पुलिस ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं और अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है। कोचिंग संस्थान के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।प्रशासन का कहना है कि मामले में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, घटना के विरोध में बड़ी संख्या में छात्रों ने प्रदर्शन भी किया और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग उठाई।