
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। जिला पंचायत अध्यक्ष एवं उद्योगपति राजेश मसाला और त्रिपुरारी पांडेय के बीच चल रहा विवाद अब तूल पकड़ता जा रहा है। सोशल मीडिया पोस्ट और साइबर थाने में दर्ज कराई गई एफआईआर के बाद अब इस पूरे मामले में भारतीय किसान यूनियन भी खुलकर सामने आ गई है। यूनियन के जिला अध्यक्ष हरीश उर्फ चुन्नू सिंह ने सोमवार को एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश मसाला ने सोशल मीडिया पर अपने खिलाफ की गई कथित आपत्तिजनक पोस्टों को लेकर साइबर थाना गौरीगंज में त्रिपुरारी पांडेय के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। एफआईआर दर्ज होने के बाद से यह मामला जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है। दूसरी ओर, कार्रवाई के विरोध में त्रिपुरारी पांडेय अपने आवास पर धरने पर बैठ गए हैं और सोशल मीडिया तथा स्थानीय लोगों से समर्थन जुटाने की अपील कर रहे हैं।इसी बीच भारतीय किसान यूनियन के हस्तक्षेप ने पूरे घटनाक्रम को नया मोड़ दे दिया है। यूनियन जिला अध्यक्ष हरीश उर्फ चुन्नू सिंह ने कहा कि किसी भी मामले में कानून से ऊपर कोई नहीं है और प्रशासन को निष्पक्ष होकर कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी पक्ष के पास साक्ष्य हैं तो उनकी गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाया जाए, ताकि आम जनता का कानून व्यवस्था पर विश्वास बना रहे।ज्ञापन सौंपने पहुंचे किसान यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि सोशल मीडिया पर बढ़ते विवाद समाज में तनाव की स्थिति पैदा कर सकते हैं, इसलिए प्रशासन को संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ जांच करनी चाहिए। उन्होंने यह भी मांग की कि जांच प्रक्रिया पर किसी प्रकार का राजनीतिक या बाहरी दबाव न पड़े।उधर, इस विवाद को लेकर अमेठी की राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। लोग पूरे मामले पर प्रशासनिक कार्रवाई और जांच के नतीजों का इंतजार कर रहे हैं। फिलहाल दोनों पक्ष अपने-अपने दावों पर कायम हैं, जबकि प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है।