
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। कानपुर प्रेस क्लब की ओर से हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर गैंजेस क्लब में गोष्ठी एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान पत्रकारिता की बदलती चुनौतियों, डिजिटल युग में जिम्मेदार रिपोर्टिंग और एआई के प्रभाव पर विस्तार से चर्चा हुई। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि पत्रकारिता का इतिहास कानपुर से भी जुड़ा रहा है और जुगल किशोर शुक्ल जैसे व्यक्तित्वों ने हिंदी पत्रकारिता की नींव मजबूत की है। उन्होंने कहा कि आज के समय में पत्रकारों को अधिक सतर्क रहने की आवश्यकता है, क्योंकि तकनीक के युग में गलत जानकारी भी तेजी से फैल सकती है। उन्होंने बताया कि सरकार मान्यता प्राप्त पत्रकारों को आयुष्मान योजना से जोड़ने की प्रक्रिया में है, जबकि अन्य मामलों के लिए भी प्रस्ताव पर विचार किया जा रहा है।विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि लोकतंत्र के चारों स्तंभ—कार्यपालिका, विधायिका, न्यायपालिका और पत्रकारिता—देश की मजबूती में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि यदि इनमें से कोई भी स्तंभ कमजोर होता है तो लोकतंत्र पर प्रभाव पड़ता है। उन्होंने यह भी कहा कि पत्रकारिता के मूल मिशन को बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।सांसद रमेश अवस्थी ने कानपुर की पत्रकारिता पर प्रकाश डालते हुए पत्रकार शिरोमणि गणेश शंकर विद्यार्थी की प्रतिमा विधानसभा में स्थापित करने की मांग रखी। इस पर विधानसभा अध्यक्ष ने घोषणा की कि उनकी तस्वीर विधानसभा की डिजिटल गैलरी में लगाई जाएगी।कार्यक्रम में कानपुर मूल के नौ वरिष्ठ पत्रकारों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। सम्मानित पत्रकारों में विभिन्न राष्ट्रीय और क्षेत्रीय मीडिया संस्थानों से जुड़े वरिष्ठ पत्रकार शामिल रहे, जिन्हें शॉल, प्रतीक चिन्ह और सम्मान पत्र प्रदान किए गए।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन का उद्देश्य पत्रकारिता के योगदान को सम्मानित करना और उसके भविष्य को लेकर संवाद स्थापित करना रहा। महाना ने तत्काल घोषणा की कि विधानसभा की डिजिटल गैलरी में विद्यार्थी जी का चित्र ज़रूर लगेगा l वरिष्ठ पत्रकार सत्यप्रकाश त्रिपाठी ने आशीर्वाद दिया l उद्योगपति विजय कपूर ने अथितियों का स्वागत किया l प्रेस क्लब के अध्यक्ष सरस वाजपेई और महामंत्री शैलेश अवस्थी ने आभार व्यक्त किया l संचालन वरिष्ठ पत्रकार रमेश वर्मा और आस्था तिवारी ने किया l इस मौके पर प्रेस क्लब के उपाध्यक्ष गौरव सारस्वत, मंत्री मोहित दुबे, शिवराज साहू, कोषाध्यक्ष सुनील साहू, दीपक सिंह, गगन पाठक, रोहित निगम, उत्सव शुक्ला, अमन चतुर्वेदी, मयंक मिश्रा सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे l इसके पहले भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, ज़िलाध्यक्ष अनिल दीक्षित, शिवराम सिंह, शिवांग मिश्रा और अनूप अवस्थी ने अगतुकों का स्वागत किया l
कानपुर हिंदी पत्रकारिता का ऐतिहासिक केंद्र रहा है और जुगल किशोर शुक्ल ने इसकी मजबूत नींव रखी थी। आज भी यह शहर पत्रकारिता का महत्वपूर्ण आधार है। एआई और डिजिटल युग में पत्रकारों को अधिक सतर्क रहने की जरूरत है क्योंकि गलत सूचना तेजी से फैल सकती है। सच्ची पत्रकारिता वही है जो समाज के वंचित वर्ग की आवाज बने। सरकार मान्यता प्राप्त पत्रकारों को आयुष्मान योजना से जोड़ रही है और उनके स्वास्थ्य के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है।-बृजेश पाठक

इन पत्रकारों का सम्मान हुआ..
वरिष्ठ पत्रकार राजीव सिंह (हाईपर लोकल हेड डिजिटल अमर उजाला दिल्ली), विजय त्रिपाठी (कार्यकारी संपादक अमर उजाला लखनऊ), राजकिशोर ( संपादक अमर उजाला दिल्ली), अंकित शुक्ला (समूह संपादक प्रभात खबर), पंकज निगम (संस्थापक सीडब्लूएन न्यूज), संजय त्रिपाठी (नेशनल हेड प्राइम न्यूज), आदित्य द्विवेदी ( विशेष संवाददाता भारत जन एक्सप्रेस न्यूज), ऋषभ मणि त्रिपाठी ( न्यूज 18 लखनऊ), रतीश त्रिवेदी ( राजनीतिक संपादक डेली हंट)