
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। महिला को पति और बेटे की हत्या का डर दिखाकर जेवर लूटने वाले तीन बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गुजैनी पुलिस की बनपुरवा-फत्तेपुर मार्ग पर बदमाशों से मुठभेड़ हुई, जिसमें दो आरोपियों के पैर में गोली लगी। दोनों घायलों को इलाज के लिए हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया है।पुलिस ने आरोपियों के पास से महिला से लूटे गए जेवर, एक बाइक और तमंचे बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपियों के खिलाफ पहले से कई जिलों में लूट, गैंगस्टर एक्ट समेत अन्य मुकदमे दर्ज हैं।डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि 21 जून को रविदासपुरम निवासी बिंदन देवी टप्पेबाजी का शिकार हुई थीं। वह बर्रा-8 स्थित अपनी ननद के घर से लौट रही थीं। रास्ते में गोविंद स्वीट हाउस के पास तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया।आरोपियों ने महिला को मोबाइल में उनके पति और बेटे की फोटो दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उनका मंगलसूत्र और पर्स में रखे रुपये छीन लिए। बदमाश महिला को चाकू के बल पर बाइक से घर के पास ले गए और दहशत फैलाकर घर से सोने-चांदी के जेवर भी ले लिए।घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य जानकारी के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। सोमवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि तीनों बदमाश दोबारा वारदात की फिराक में इलाके में घूम रहे हैं।पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें रोकने का प्रयास किया तो बदमाशों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में मोहम्मद अकरम और जावेद अख्तर उर्फ चिकना के पैर में गोली लगी। वहीं तीसरा आरोपी चांदबाबू उर्फ ढल्ला भागने की कोशिश कर रहा था, जिसे पुलिस ने पीछा कर पकड़ लिया।पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी शातिर अपराधी हैं और इनके खिलाफ कई थानों में मामले दर्ज हैं। आगे की कार्रवाई की जा रही है।