
घनी झाड़ियों में छिपे जानवर अचानक सड़क पर आ रहे, बाइक सवारों के दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका
पारदर्शी विकास ब्यूरो / खड्डा, कुशीनगर। खड्डा तहसील क्षेत्र के अंतर्गत पश्चिमी गंडक नहर की पूर्वी पटरी पर खड्डा से नेबुआ नौरंगिया क्षेत्र तक दोनों तरफ उगी घनी झाड़ियां राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई हैं। झाड़ियों के कारण सड़क किनारे छिपे जानवर अचानक वाहनों के सामने आ जाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से झाड़ियों की सफाई कराने की मांग की है।जानकारी के अनुसार, झूलनीपुर से पडरौना तक आवागमन के लिए इस्तेमाल होने वाली इस सड़क पर दिन-रात वाहनों और राहगीरों का आना-जाना लगा रहता है। बंजारी पट्टी, लखुआ, भजन छपरा, नवल छपरा, चतुर छपरा, ऐकडंगी, कोहरगड्डी, मुसहरी, ढोलहा, नंदन छपरा और सरकटिया सहित आसपास के क्षेत्रों में नहर की पूर्वी पटरी के दोनों तरफ झाड़ियां काफी घनी हो गई हैं।स्थानीय लोगों का कहना है कि इन झाड़ियों में जानवर छिपे रहते हैं। वाहनों की आवाज सुनकर वे अचानक बाहर निकलकर सड़क पार करने लगते हैं। इस दौरान तेज रफ्तार बड़े वाहन जानवरों को कुचल देते हैं, जबकि बाइक सवार और अन्य छोटे वाहन चालक उनसे टकराकर गिरने तथा चोटिल होने का जोखिम उठाते हैं। झाड़ियों की वजह से सड़क किनारे की दृश्यता भी प्रभावित होती है, जिससे वाहन चालकों को सामने आने वाले खतरे का समय रहते अंदाजा नहीं लग पाता।ग्रामीणों और राहगीरों का कहना है कि इस मार्ग से जनप्रतिनिधियों, विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों का भी नियमित आवागमन होता है, लेकिन सड़क के दोनों किनारों पर फैली झाड़ियों की समस्या पर अब तक अपेक्षित ध्यान नहीं दिया गया है। उनका कहना है कि घनी झाड़ियों के कारण किसी भी समय गंभीर दुर्घटना हो सकती है।क्षेत्रीय लोगों ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से नहर की पूर्वी पटरी के दोनों तरफ उगी झाड़ियों की जल्द सफाई कराने की मांग की है, ताकि सड़क पर आवागमन सुरक्षित हो सके और संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।