news-details

परमट स्कूल निर्माण विवाद: अमिताभ बाजपेई के घर और चौराहे पर भारी पुलिस बल तैनात, इलाका बना छावनी

You can share this post!

pardarshi vikas news kanpur
आर्यनगर विधानसभा क्षेत्र में परमट स्थित प्राइमरी विद्यालय के निर्माण कार्य को लेकर विवाद अब राजनीतिक और प्रशासनिक मुद्दा बनता जा रहा है। गुरुवार को क्षेत्र में उस समय हलचल तेज हो गई, जब विधायक Amitabh Bajpai के आवास और परमट चौराहे के आसपास भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की मौजूदगी के चलते पूरा इलाका छावनी में तब्दील नजर आया।

मामला परमट स्थित प्राथमिक विद्यालय में प्रस्तावित तीन नए कमरों के निर्माण से जुड़ा हुआ है। इस संबंध में सहायक पुलिस आयुक्त कर्नलगंज चित्रांशु गौतम की ओर से विधायक अमिताभ बाजपेई को एक पत्र जारी किया गया है। पत्र में कहा गया है कि यू.पी. स्माल इंडस्ट्रीज कारपोरेशन लिमिटेड (UPSIC) के अधिशासी अभियंता द्वारा पुलिस प्रशासन को अवगत कराया गया है कि विद्यालय परिसर में निर्माण कार्य के लिए स्थल का आधिकारिक चिन्हीकरण अभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा नहीं किया गया है।

 

प्रशासन का कहना है कि चिन्हीकरण की प्रक्रिया पूरी हुए बिना यदि निर्माण कार्य या शिलान्यास कार्यक्रम किया जाता है तो मौके पर विवाद की स्थिति पैदा हो सकती है। इससे क्षेत्र की कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका जताई गई है। इसी कारण कार्यदायी संस्था ने निर्माण कार्य को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया है। पुलिस प्रशासन ने विधायक से अपील की है कि जब तक संबंधित विभाग द्वारा भूमि का स्पष्ट चिन्हीकरण नहीं कर दिया जाता, तब तक किसी भी प्रकार का शिलान्यास या निर्माण संबंधी कार्यक्रम आयोजित न किया जाए। प्रशासन ने इसे पूरी तरह कानून-व्यवस्था और जनहित से जुड़ा मामला बताया है।