
PARDARSHI VIKASH NEWS जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की जांच में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को पाकिस्तान कनेक्शन से जुड़े महत्वपूर्ण सबूत मिले हैं। जांच के दौरान आतंकियों के मोबाइल फोन की फोरेंसिक जांच में सामने आया कि बायसरन घाटी की लोकेशन पहले से उनके नेविगेशन एप में सेव थी। 15 और 16 अप्रैल 2025 को लिए गए स्क्रीनशॉट भी मोबाइल में मिले हैं, जिससे साफ होता है कि हमले से पहले इलाके की रेकी की गई थी।जांच में यह भी पता चला कि आतंकियों द्वारा इस्तेमाल किए गए दो चीनी मोबाइल फोन पहले पाकिस्तान के कराची और लाहौर स्थित पतों पर डिलीवर किए गए थे। NIA का मानना है कि हमले की पूरी योजना पाकिस्तान स्थित आतंकी नेटवर्क की निगरानी में तैयार की गई थी।चार्जशीट के अनुसार, लश्कर-ए-तैयबा का आतंकी सैफुल्लाह उर्फ लंगड़ा इस हमले का मास्टरमाइंड था। वह पाकिस्तान से आतंकियों को रियल टाइम निर्देश दे रहा था और उसने ही बायसरन घाटी की लोकेशन साझा की थी। जांच में यह भी सामने आया कि स्थानीय टूरिस्ट गाइडों ने आतंकियों को देखने के बावजूद सुरक्षा एजेंसियों को सूचना नहीं दी।22 अप्रैल 2025 को हुए इस हमले में 26 लोगों की मौत हुई थी, जबकि कई अन्य घायल हुए थे। बाद में सुरक्षा बलों ने ऑपरेशन महादेव के तहत हमले में शामिल तीन आतंकियों को मार गिराया। NIA का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आतंकी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।