
PARDARSHI VIKASH NEWS बिहार में सिपाही भर्ती परीक्षा के दौरान पटना के पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात भारी हंगामा हो गया। परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थियों ने अव्यवस्था और ट्रेन व्यवस्था को लेकर विरोध करते हुए कई ट्रेनों को रोक दिया और स्टेशन पर जमकर तोड़फोड़ की।स्थिति बिगड़ने पर कुछ छात्रों ने रेलवे ट्रैक पर बैठकर प्रदर्शन किया, कई लोग ट्रेनों के इंजन तक पर चढ़ गए। इस दौरान सीमांचल एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों को रोका गया और स्टेशन पर पत्थरबाजी की घटनाएं भी हुईं। हिंसा में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिनमें IG जितेंद्र राणा भी शामिल हैं।भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हवाई फायरिंग और आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। प्रशासन के अनुसार, स्थिति को संभालने के लिए तीन राउंड हवाई फायर किए गए और लाठीचार्ज भी करना पड़ा। मौके पर करीब 500 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है, जबकि 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।रेलवे और प्रशासन का कहना है कि छात्रों के लिए पहले से ही स्पेशल ट्रेनें चलाई गई थीं, लेकिन कुछ प्रदर्शनकारियों ने ट्रेनें रोककर हंगामा किया। बाद में अतिरिक्त ट्रेन की व्यवस्था कर भीड़ को वहां से हटाया गया।पटना DM के अनुसार, हालात अब पूरी तरह नियंत्रण में हैं और परीक्षा केंद्रों के लिए अभ्यर्थियों को भेजा जा रहा है। हालांकि घटना के बाद स्टेशन पर तनाव का माहौल बना रहा।