
पारदर्शी विकास ब्यूरो, कसया/कुशीनगर। रामकोला थाना क्षेत्र के रगड़गंज स्थित एक पेट्रोल पंप पर युवक के साथ हुई मारपीट की घटना ने तूल पकड़ लिया है। शनिवार को राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य फुलबदन कुशवाहा पीड़ित युवक के घर पहुंचे और परिवार से मुलाकात कर घटना की पूरी जानकारी ली। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से वार्ता कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।जानकारी के अनुसार, बरठा टोला बेलवनिया निवासी रितेश कुशवाहा बीते बुधवार को रगड़गंज स्थित एक पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने गए थे। आरोप है कि लाइन में खड़े होने के दौरान पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। विरोध करने पर कर्मचारियों ने लोहे की रॉड और अन्य वस्तुओं से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले में युवक के सिर पर गंभीर चोटें आईं।घटना के बाद पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शनिवार को पीड़ित के घर पहुंचे राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग सदस्य फुलबदन कुशवाहा ने रितेश कुशवाहा और उनके परिजनों से मुलाकात कर पूरी घटना की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और कानून के तहत उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।इस दौरान पीड़ित ने अपनी चोटें दिखाते हुए पूरी आपबीती सुनाई। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भी भारी आक्रोश देखने को मिला। ग्रामीणों ने पेट्रोल पंप प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की।फुलबदन कुशवाहा ने दूरभाष के माध्यम से पुलिस अधीक्षक कुशीनगर से भी बातचीत की और घटना की गंभीरता से अवगत कराया। उन्होंने निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई करने का आग्रह किया।घटना को लेकर पूरे क्षेत्र में रोष का माहौल बना हुआ है। इस अवसर पर कुलदीप सिंह, जुगुनू सिंह, संतोष, वीरेंद्र, राजेंद्र प्रसाद, राजू कुशवाहा, विक्की कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।