news-details

पेट्रोल की अफवाह से पंपों पर भीड़, प्रशासन ने किया खंडन

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Ayodhya

पेट्रोल और डीजल की कमी की अफवाह फैलने के बाद गुरुवार देर रात शहर के कई पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लोग रातभर लंबी कतारों में लगकर ईंधन भरवाते नजर आए, जिससे कई स्थानों पर अव्यवस्था की स्थिति बन गई।

अचानक बढ़ी मांग के कारण शुक्रवार सुबह तक कुछ पेट्रोल पंपों पर स्टॉक खत्म हो गया और उन्हें अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा। तेल विक्रेताओं ने बताया कि नई सप्लाई पहुंचने के बाद पंपों को दोबारा खोला जाएगा।

जिलापूर्ति अधिकारी बृजेश मिश्रा ने स्पष्ट किया कि जिले में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है। पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध है और नियमित आपूर्ति जारी है। उन्होंने कहा कि अफवाहों के कारण लोगों ने जरूरत से ज्यादा ईंधन भरवा लिया, जिससे यह स्थिति बनी।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आवश्यकता अनुसार ही ईंधन खरीदें। अधिकारियों के अनुसार जल्द ही सभी पंपों पर स्थिति सामान्य हो जाएगी।