
PARDARSHI VIKASH NEWS गोंडा। जिले के कमिश्नरी परिसर में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक अधिवक्ता अपने चाचा के साथ करीब 50 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गया। दोनों ने पिता की हत्या के मामले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और न्याय न मिलने पर आत्महत्या की चेतावनी दी।जानकारी के अनुसार धानेपुर थाना क्षेत्र निवासी अधिवक्ता संजय दुबे के पिता देवनारायण दुबे की 25 अप्रैल को हत्या कर दी गई थी। इस मामले में आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस छह आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, लेकिन दो नामजद आरोपी अभी भी फरार बताए जा रहे हैं। इसी से नाराज होकर संजय दुबे अपने चाचा इंद्रमणि दुबे के साथ कमिश्नरी परिसर स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गए।घटना की सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस, दमकल विभाग और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस और प्रशासन ने माइक के माध्यम से दोनों को समझाने का प्रयास किया। बार एसोसिएशन के पदाधिकारी भी मौके पर पहुंचे और अधिवक्ता से नीचे उतरने की अपील की, लेकिन उन्होंने अपनी मांगों पर कार्रवाई होने तक नीचे आने से इनकार कर दिया।टंकी पर चढ़े अधिवक्ता ने आरोप लगाया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उन्होंने कई बार पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और फरार आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।इंद्रमणि दुबे ने आरोप लगाया कि हत्या के मामले में गवाह होने के कारण दबंग लोग उनकी जमीन और मकान पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लगातार मिल रही धमकियों और प्रशासन की उदासीनता से परेशान होकर उन्हें यह कदम उठाना पड़ा।घटना के चलते कलेक्ट्रेट परिसर में बड़ी संख्या में अधिवक्ता, मुवक्किल और आम लोग एकत्र हो गए। प्रशासन दोनों को सुरक्षित नीचे उतारने और उनकी शिकायतों के समाधान का प्रयास कर रहा है।