
पारदर्शी विकास न्यूज़ फर्रुखाबाद
मोहम्मदाबाद क्षेत्र के शिवाजी नगर में एक किन्नर के घर से नगदी और जेवरात चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़िता ममता चौहान ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है।ममता चौहान अपनी सहयोगी के साथ गली नंबर 6 में रहती हैं। उन्होंने 2 मई को एक युवक को घर में पुताई का काम दिया था। 3 मई की सुबह वह युवक एक अन्य मजदूर के साथ काम करने पहुंचा। पुताई के दौरान ममता ने अलमारी का सामान निकालकर तख्त पर रख दिया था। इसी बीच सुबह करीब 9 बजे दोनों युवक अचानक वहां से चले गए।5 मई को घर में मेहमान आने पर जब ममता ने अपना सामान देखा तो एक थैले से सोने-चांदी के जेवरात और करीब 50 हजार रुपये नगद गायब मिले। उनके अनुसार, कुल मिलाकर लगभग एक लाख रुपये का सामान चोरी हुआ है।सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी मदन मोहन चतुर्वेदी के अनुसार, एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है।