news-details

पेंशनरों का 21 अप्रैल को प्रदर्शन, पुरानी पेंशन बहाली समेत कई मांगें उठेंगी

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Auraiya

सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसिएशन ने अपनी लंबित मांगों को लेकर 21 अप्रैल 2026 को जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। इस दौरान पेंशनर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन भी जिलाधिकारी को सौंपेंगे।

बिधूना में आयोजित प्रेसवार्ता में जिला अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार पांडे ने कहा कि पेंशन कोई खैरात नहीं, बल्कि कर्मचारियों का ‘लंबित वेतन’ है। उन्होंने पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली, पेंशन को आयकर से मुक्त करने और आठवें वेतन आयोग की विसंगतियों को दूर करने की मांग उठाई। पेंशनरों ने वित्त विधेयक 2025 में किए गए प्रावधानों पर भी नाराजगी जताई।

एसोसिएशन ने 65 वर्ष की आयु पर पेंशन में 5% वृद्धि और हर पांच वर्ष में इसे बढ़ाने, महंगाई भत्ता 50% से अधिक होने पर उसे मूल पेंशन में मर्ज करने तथा कोरोना काल के 18 महीने के डीए एरियर का भुगतान करने की मांग की है। इसके अलावा, वरिष्ठ नागरिकों को रेल किराए में 50% छूट बहाल करने और आयुष्मान भारत योजना के तहत कैशलेस इलाज की सीमा 10 लाख रुपये करने की भी मांग शामिल है।

जिला मंत्री हरगोविंद सिंह गुप्ता ने बताया कि आंदोलन को सफल बनाने के लिए व्यापक रणनीति तैयार की गई है। बिधूना समेत याकूबपुर, बेला, अछल्दा, फफूंद, बाबरपुर, अजीतमल और ऐरवा कटरा से बड़ी संख्या में पेंशनर औरैया पहुंचेंगे। प्रेसवार्ता में कई पदाधिकारी और पेंशनर मौजूद रहे।