
PARDARSHI VIKASH NEWS कानपुर देहात के रसूलाबाद तहसील क्षेत्र में एक महिला ने अपनी पुश्तैनी जमीन पर दबंगों द्वारा कब्जा करने और पुलिस पर सुनवाई न करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर न्याय की मांग की है।रसूलाबाद तहसील के सिठऊमताना गांव निवासी मंजू देवी ने आरोप लगाया कि गांव के कुछ लोगों ने उनकी पुश्तैनी भूमि पर जबरन कब्जा कर लिया है। उनका कहना है कि जमीन वापस पाने के लिए वह कई वर्षों से अधिकारियों के चक्कर लगा रही हैं।मंजू देवी के अनुसार, राजस्व विभाग की कार्रवाई के बाद धारा-24 के तहत दो बार कब्जा हटवाकर उन्हें जमीन दिलाई गई थी, लेकिन आरोपित लोग दोबारा कब्जा कर लेते हैं। विरोध करने पर उन्हें और उनके परिवार को धमकियां दी जाती हैं।पीड़िता ने आरोप लगाया कि एक बार दबंगों ने उन्हें और उनके परिजनों को कमरे में बंद कर मारपीट की, जिससे उन्हें चोटें आईं। उनका कहना है कि थाने में शिकायत करने के बाद भी प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, जिससे परिवार डर के माहौल में रह रहा है।मंजू देवी ने प्रशासन से जमीन पर दोबारा कब्जा दिलाने और आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।इस मामले में रसूलाबाद तहसील की एसडीएम शिखा शंखवार ने बताया कि प्रकरण धारा-134 के तहत न्यायालय में विचाराधीन है। उन्होंने कहा कि पीड़िता की शिकायत पर उन्हें कार्यालय बुलाया गया है और मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।