
PARDARSHI VIKASH NEWS यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को प्रयागराज पहुंचे। नगर निगम में आयोजित “मेयर के तीन साल बेमिसाल” कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि 9 साल पहले प्रयागराज की स्थिति खराब थी। अराजकता का तांडव होता था, गुंडागर्दी थी और बेटियां सुरक्षित नहीं थीं।उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार की सख्त नीतियों और प्रभावी प्रशासनिक कार्रवाई के कारण आज प्रयागराज में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है। अपराध और माफिया गतिविधियों पर नियंत्रण स्थापित किया गया है। वर्तमान में प्रयागराज विकास, सुरक्षा और सुशासन का प्रतीक बनकर उभरा है।मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में करीब 400 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण किया। नगर निगम के नव-निर्मित सदन हॉल का शिलान्यास किया। साथ ही सफाईकर्मियों को किट वितरित की और सफाई गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।कार्यक्रम के दौरान प्रयागराज के महापौर ने मुख्यमंत्री को पौधा भेंट कर स्वागत किया और उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया। मंच पर मुख्यमंत्री के साथ जल शक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह और मंत्री नंद गोपाल नंदी भी मौजूद रहे।मुख्यमंत्री ने कहा कि महाकुंभ के 45 दिवसीय आयोजन में 66 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने त्रिवेणी संगम में आस्था की डुबकी लगाई। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 के कुंभ आयोजन ने प्रयागराज को नई पहचान दी और देश-दुनिया में इसकी प्रतिष्ठा बढ़ाई।नगर निगम कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री संगम क्षेत्र पहुंचे। वीआईपी घाट पर उन्होंने मां गंगा की पूजा-अर्चना और आरती की। इस दौरान दूध, पंचामृत और जल से अभिषेक भी किया। पूजा के दौरान मुख्यमंत्री ने संकल्प लेते हुए दक्षिणा भी अर्पित की।जल शक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने कार्यक्रम में कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में गुंडागर्दी और लूट-खसोट का माहौल था, जिसे योगी सरकार ने खत्म किया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने किसानों का कर्ज माफ किया और ईमानदारी से विकास कार्य किए।कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ के लिए रवाना हो गए।