
PARDARSHI VIKASH NEWS प्रयागराज में प्रयागराज विकास प्राधिकरण (PDA) और अग्निशमन विभाग की संयुक्त कार्रवाई में शहर के तीन प्रमुख कोचिंग संस्थानों—एग्जामपुर वाला, सुपर क्लाइमेक्स और टारगेट ऑन कोचिंग—को सीज कर दिया गया। कार्रवाई के बाद छात्रों और शिक्षकों में नाराजगी देखने को मिली। संबंधित शिक्षकों का आरोप है कि पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में धांधली के खिलाफ हुए छात्र आंदोलन में शामिल होने के कारण उन्हें निशाना बनाया गया है।दरअसल, 29 मई को हजारों प्रतियोगी छात्रों ने विभिन्न परीक्षाओं में कथित धांधली और पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन किया था। इस आंदोलन में कई कोचिंग संस्थानों के शिक्षक भी शामिल हुए थे। इसके अगले दिन प्रशासन ने भवन और अग्नि सुरक्षा नियमों के उल्लंघन का हवाला देते हुए तीनों संस्थानों पर कार्रवाई कर उन्हें सीज कर दिया। हालांकि विभागीय अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई पूरी तरह नियमानुसार जांच के बाद की गई है और इसका किसी प्रदर्शन से कोई संबंध नहीं है।कार्रवाई के बाद छात्रों ने भी विरोध जताया। उनका कहना है कि कोचिंग संस्थान बंद होने से उनकी पढ़ाई प्रभावित होगी। गौरतलब है कि हाल ही में दो हजार से अधिक प्रतियोगी छात्रों ने पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया, पेपर लीक पर रोक और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था। छात्रों ने 12 जून को "लखनऊ चलो" आंदोलन का भी ऐलान किया है। फिलहाल कोचिंग संस्थानों पर हुई कार्रवाई को लेकर शहर में चर्चा और बहस का माहौल बना हुआ है।