
PARDARSHI VIKASH NEWS प्रयागराज में भीषण गर्मी और हीटवेव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मंगलवार सुबह से ही चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं के चलते सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। नौतपा के पहले दिन ही तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे प्रयागराज प्रदेश का दूसरा सबसे गर्म जिला रहा। प्रशासन ने लोगों को बिना जरूरत घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी है।भीषण गर्मी से राहत दिलाने के लिए नगर निगम की ओर से शहर की प्रमुख सड़कों पर पानी का छिड़काव कराया जा रहा है। वहीं, ओवरलोड ट्रांसफॉर्मरों को ठंडा रखने के लिए उन पर पानी डाला जा रहा है, ताकि बिजली आपूर्ति बाधित न हो।दूसरी तरफ बिजली कटौती ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। शहर के कई इलाकों में 8 से 9 घंटे तक बिजली कट रही है, जबकि कुछ जगहों पर 12 से 14 घंटे तक आपूर्ति बाधित रहने की शिकायत है। गांवों में पूरी रात बिजली गुल रहने से लोग परेशान हैं। गोविंदपुर, तेलियरगंज, सलोरी, कैलाशपुरी और राजापुर जैसे इलाकों में लोगों ने बिजली कटौती के विरोध में प्रदर्शन भी किया।तेज धूप और उमस के कारण लोग गमछा, टोपी और छाते का सहारा लेकर घरों से निकल रहे हैं। स्कूल और कोचिंग जाने वाले छात्र भी चेहरे ढंककर सफर करते दिखाई दिए। प्रशासन ने बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।