
PARDARSHI VIKASH NEWS प्रयागराज में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। तेज धूप और उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल हैं। बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। सोमवार से लगातार प्रयागराज 43.5 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ देश के सबसे गर्म शहरों में दर्ज किया गया। बुधवार को भी सुबह से ही तेज धूप के कारण लोगों को राहत नहीं मिली।दिन की शुरुआत करीब 33 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ हुई। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच सकता है। हालांकि मंगलवार रात कुछ इलाकों में तेज हवा के साथ मौसम में बदलाव देखने को मिला, लेकिन सुबह होते ही फिर तेज धूप और उमस का असर दिखने लगा।सुबह से पड़ रही चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को ऐसा महसूस हो रहा है जैसे आसमान से आग बरस रही हो। भीषण गर्मी के चलते दोपहर के समय सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम हो रही है। लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं।लगातार बढ़ते तापमान और उमस के कारण लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का भी सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल आने वाले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है। हालांकि कुछ इलाकों में आंधी और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
गर्मी से बचाव के उपाय
- दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक तेज धूप में निकलने से बचें।
- पर्याप्त मात्रा में पानी और तरल पदार्थों का सेवन करें।
- हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें।
- बाहर निकलते समय सिर को गमछे, टोपी या छाते से ढकें।
- बच्चों और बुजुर्गों को धूप में ज्यादा देर तक न रहने दें।
- कमजोरी, चक्कर या ज्यादा प्यास लगने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें।