
PARDARSHI VIKASH NEWS प्रयागराज में भीषण गर्मी और तेज धूप ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। गुरुवार सुबह से ही चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं के कारण लोग बेहाल नजर आए। दोपहर के समय शहर की सड़कों पर सन्नाटा छाया रहा और जरूरी काम से निकलने वाले लोग गमछा, टोपी और छाते का सहारा लेते दिखाई दिए।मौसम विभाग के अनुसार शहर का तापमान लगातार 46°C के आसपास बना हुआ है और गुरुवार को इसके 46.8°C तक पहुंचने का अनुमान है। अगले 24 घंटे के लिए हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। प्रयागराज प्रदेश के सबसे गर्म जिलों में दूसरे स्थान पर बना हुआ है।भीषण गर्मी से राहत दिलाने के लिए नगर निगम की ओर से शहर की प्रमुख सड़कों पर पानी का छिड़काव कराया जा रहा है। नगर निगम की टीमें अलग-अलग इलाकों में लगातार पानी का छिड़काव कर रही हैं, ताकि लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सके।गर्मी का असर स्कूल और कोचिंग जाने वाले छात्रों पर भी दिखाई दिया। कई छात्र चेहरे को कपड़े या किताबों से ढंककर धूप से बचाव करते नजर आए। वहीं, प्रयागराज पुलिस लाइन स्थित घोड़ों के अस्तबल में जानवरों को राहत देने के लिए कूलर और पंखों की व्यवस्था की गई है।भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। तेलियरगंज, गोविंदपुर, सलोरी, कैलाशपुरी, राजापुर और म्योराबाद समेत कई इलाकों में रात के समय बिजली गुल रहने से लोगों में नाराजगी है। गोविंदपुर और तेलियरगंज के लोग विरोध जताने के लिए पावर हाउस तक पहुंच गए।जिला प्रशासन ने लोगों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए दोपहर में धूप से बचने, अधिक पानी पीने और जरूरी होने पर ही बाहर निकलने की सलाह दी है। प्रशासन ने खासकर बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और बाहर काम करने वाले लोगों को सतर्क रहने को कहा है। लोगों से सिर ढंककर निकलने और छाछ, लस्सी व नींबू पानी जैसे पेय पदार्थों का सेवन करने की अपील की गई है।