
PARDARSHI VIKASH NEWS प्रयागराज के धूमनगंज स्थित शंभूनाथ हॉस्पिटल के कर्मचारी और प्रबंधन के खिलाफ गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। पीड़ित रौनित गुप्ता की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि अस्पताल में भर्ती कई मरीजों को एक ही नीडल से इंजेक्शन लगाया जा रहा था, जिससे संक्रमण फैलने का खतरा पैदा हो गया।कटहुला गौसपुर निवासी रौनित गुप्ता ने बताया कि वह 20 मई 2026 को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती हुआ था। उनका इलाज आयुष्मान कार्ड के तहत चल रहा था, जबकि अस्पताल द्वारा 18 हजार रुपये नगद भी लिए गए।पीड़ित के मुताबिक, 25 मई की सुबह उसने अस्पताल के कर्मचारी राजीव को एक ही नीडल से कई मरीजों को इंजेक्शन लगाते देखा। आरोप है कि उसी नीडल से उसे भी इंजेक्शन लगाया गया। विरोध करने पर कर्मचारी वहां से भाग गया।रौनित ने बताया कि जब परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन से शिकायत की तो प्रबंधक ने विवाद किया और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित का दावा है कि पूरी घटना अस्पताल के सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड है।धूमनगंज थाना प्रभारी धनंजय पांडे ने बताया कि कर्मचारी राजीव और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।