
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की प्रवक्ता संवर्ग भर्ती परीक्षा 9 और 10 मई को लखनऊ समेत 17 शहरों के 319 केंद्रों पर आयोजित की जा रही है। 624 पदों के लिए हो रही इस परीक्षा में करीब 4.64 लाख अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। लखनऊ में 55 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। पहली पाली की परीक्षा से 45 मिनट पहले ही केंद्रों के गेट बंद कर दिए गए। चारबाग स्थित केकेसी कॉलेज में कुछ अभ्यर्थी कुछ मिनट देरी से पहुंचे, लेकिन उन्हें प्रवेश नहीं मिला। परीक्षा केंद्रों के बाहर पुलिस बल तैनात रहा और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी दिखाई दी।परीक्षा देकर बाहर निकले अभ्यर्थियों ने पेपर को आसान से मध्यम स्तर का बताया। कई छात्रों ने कहा कि शिक्षा शास्त्र, समाजशास्त्र और नई शिक्षा नीति से जुड़े प्रश्न अधिक पूछे गए। कुछ अभ्यर्थियों के मुताबिक पेपर हाई स्कोरिंग रहा, जबकि कुछ ने इसे पिछले वर्षों की तुलना में थोड़ा कठिन बताया।आयोग ने परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए इस बार नई व्यवस्था लागू की है। लखनऊ मंडल के 10 केंद्रों पर परीक्षा खत्म होने के तुरंत बाद OMR शीट स्कैन की जा रही है। स्कैनिंग के दौरान अभ्यर्थी और कक्ष निरीक्षक भी मौजूद रहेंगे, ताकि बाद में मूल OMR से मिलान किया जा सके।आयोग अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि सभी केंद्र AI आधारित CCTV कैमरों से लैस हैं। इनकी निगरानी जिला कंट्रोल रूम और प्रयागराज स्थित इंटीग्रेटेड कमांड सेंटर से की जा रही है। परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस पूरी तरह प्रतिबंधित रहे।