
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। कानपुर दक्षिण के नौबस्ता स्थित पुरवार शिक्षण संस्थान में हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेले के द्वितीय चरण के अंतर्गत कन्या वंदन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बृजेंद्र स्वरूप पार्क में 26 से 30 नवंबर तक आयोजित होने वाले मेले के प्रति जागरूकता बढ़ाने और भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित हुआ।कार्यक्रम में हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेले के कानपुर दक्षिण संयोजक सुशील कुमार के साथ पीयूष अग्निहोत्री और पीयूष मिश्रा संस्थान पहुंचे। संस्थान के प्रबंधक अनिल कुमार पुरवार की उपस्थिति में छात्राओं का पारंपरिक तरीके से सम्मान किया गया।इस दौरान छात्रों ने छात्राओं के पैर धोए, उनके माथे पर तिलक लगाया और चुनरी ओढ़ाकर उनका सम्मान किया। इसके बाद वैदिक मंत्रों के उच्चारण के साथ आरती उतारी गई। पूरे आयोजन के माध्यम से बेटियों के सम्मान, नारी शक्ति के महत्व और भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति श्रद्धा का संदेश दिया गया।आयोजकों ने बताया कि हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेले के अंतर्गत विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में कन्या वंदन जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा भाव, सामाजिक समरसता और नारी सम्मान की भावना विकसित करना तथा नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और संस्कारों से जोड़ना है।
