
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में प्रधान लिपिक का कार्यभार खंड शिक्षा अधिकारी को दिए जाने और प्रधान सहायक को डेढ़ साल से कोई पटल न दिए जाने का मामला सामने आया है। उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ ने इस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए डीएम और सीडीओ को शिकायत भेजकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।संघ का आरोप है कि कार्यालय के वरिष्ठ लिपिक विकास तिवारी लंबे समय से अवकाश पर हैं। उनका कार्यभार किसी अन्य पटल सहायक को देने के बजाय संग्रामपुर के खंड शिक्षा अधिकारी शशांक मिश्र को सौंपा गया है। वहीं कार्यालय में प्रधान सहायक के पद पर तैनात राम प्रकाश पाण्डेय को पिछले करीब डेढ़ साल से कोई काम या पटल नहीं दिया गया है।शिक्षक संघ ने पत्र में कहा कि प्रधान लिपिक का प्रभार पटलविहीन प्रधान सहायक को न देकर बीईओ को सौंपना और प्रधान सहायक को बिना कार्य के वेतन भुगतान करना गंभीर मामला है। संघ ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारी तय करने की मांग की है। अध्यक्ष अब्दुल रसीद, वरिष्ठ उपाध्यक्ष जयराम कनौजिया और महामंत्री रमाकांत मौर्य ने कार्रवाई की मांग उठाई है।