
पारदर्शी विकास ब्यूरो
कुशीनगर। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में गुरुवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में अखिल भारतीय प्रधान संगठन के पदाधिकारियों, ग्राम प्रधानों और संबंधित विभागीय अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में ग्राम प्रधानों ने अपनी विभिन्न समस्याएं और मांगें जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। डीएम ने प्रधानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार एवं समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि ग्राम प्रधानों को प्रशासक नियुक्त किए जाने के बाद शासन की ओर से जारी गाइडलाइन और निर्धारित नियमों के अनुरूप ही कार्य किया जाए। ग्राम पंचायतों में विकास एवं निर्माण कार्य पारदर्शिता के साथ कराए जाएं तथा सरकारी धनराशि का उपयोग निर्धारित प्रावधानों के अनुसार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि ग्राम प्रधानों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगवाए जाएं। वैध एवं नियमानुसार कार्यों में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी द्वारा प्रधानों को अनावश्यक रूप से परेशान करने या कार्य में अनुचित बाधा डालने की शिकायत मिलती है तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने स्पष्ट किया कि पूर्व में स्वीकृत कार्यों और उनके भुगतान पर कोई रोक नहीं है। ऐसे कार्यों का भुगतान नियमानुसार किया जा सकता है। हालांकि नए विकास कार्य शुरू करने से पहले आवश्यक स्वीकृति लेना अनिवार्य होगा। बैठक में ग्राम पंचायतों में डिजिटल सुविधाओं को मजबूत करने पर भी विशेष जोर दिया गया। डीएम ने सभी प्रधानों को पंचायत भवनों में इंटरनेट कनेक्टिविटी और वाई-फाई की सुविधा राज्य वित्त आयोग की धनराशि से सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पंचायत भवनों को ग्रामीणों के लिए सुविधाजनक सेवा केंद्र के रूप में विकसित करने पर जोर दिया। प्रधानों द्वारा नए पात्र लाभार्थियों के राशन कार्ड बनाए जाने की मांग पर जिलाधिकारी ने बताया कि पात्र परिवारों को राशन कार्ड की सुविधा दिलाने के लिए जल्द ही गूगल फॉर्म का लिंक उपलब्ध कराया जाएगा। इसके माध्यम से पात्र लोग आवेदन कर सकेंगे। जिलाधिकारी ने कहा कि ग्राम पंचायतें विकास योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। प्रशासन और ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय से विकास कार्यों को गति दी जा सकती है। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, उपायुक्त डीसी मनरेगा, जिला पंचायत राज अधिकारी, सभी खंड विकास अधिकारी, अखिल भारतीय प्रधान संगठन के अध्यक्ष व पदाधिकारी तथा ग्राम प्रधान मौजूद रहे।