news-details

पारदर्शी विकास न्यूज कार्यालय में शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित

You can share this post!


पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। भारत रत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती  एवं शिक्षक दिवस के अवसर पर पारदर्शी विकास समाचार पत्र कार्यालय में शिक्षक सम्मान समारोह एवं ऑनलाइन हिंदी लेखन प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देने वाले शिक्षकों, लेखकों का सम्मान किया गया तथा लेखन प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि आलोक मिश्रा, अध्यक्ष सुभाष सेना एवं सुभाष यूथ सोसायटी, कानपुर नगर ने गणेश वंदना एवं माल्यार्पण के साथ किया। इस अवसर पर संपादक सुशील कुमार एवं सह-संपादक पीयूष अग्निहोत्री ने पारदर्शी विकास समाचार पत्र परिवार की ओर से मुख्य अतिथि को मोमेंटो भेंट कर अभिनंदन किया। संस्था के यूपी हेड एवं कार्यक्रम संयोजक जगनायक प्रधान ने पगड़ी एवं पटका पहनाकर मुख्य अतिथि का स्वागत किया।ऑनलाइन हिंदी लेखन प्रतियोगिता में कुल 25 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के लिए आधुनिक शिक्षा के बदलते स्वरूप में शिक्षकों की भूमिका, वर्तमान परिदृश्य में भारतीय शिक्षा की दिशा और भविष्य तथा आधुनिक समय में विद्यार्थियों और शिक्षकों के बीच आपसी समन्वय जैसे विषय निर्धारित किए गए थे। प्रतिभागियों ने शिक्षा व्यवस्था और शिक्षक-विद्यार्थी संबंधों से जुड़े विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।निर्णायक मंडल के निर्णय के अनुसार प्रथम पुरस्कार डॉ. आरती द्विवेदी, प्रोफेसर गढ़वाल यूनिवर्सिटी को प्रदान किया गया। द्वितीय पुरस्कार मीना मिश्रा, शिक्षिका सोनेलाल पटेल स्कूल, कानपुर तथा तृतीय पुरस्कार लेखक दीपक राठौर को मिला। तीनों विजेताओं को मंच पर पटका पहनाकर प्रशस्ति पत्र एवं नेताजी सुभाष चंद्र बोस का चित्र फ्रेम भेंट कर सम्मानित किया गया।इसके अलावा डॉ. दिवाकर चक्रवती, विवेक मिश्रा और प्रखर अगिनहोत्री को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम के समापन पर पीयूष अग्निहोत्री ने मुख्य अतिथि, विजेताओं और सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं।इस अवसर पर शकुंतला देवी, रिंकू सक्सेना, संध्या चक्रवती और आर्यन सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



शिक्षक सम्मान में प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार

प्रथम पुरस्कार: डॉ. आरती द्विवेदी,प्रोफेसर, गढ़वाल यूनिवर्सिट
द्वितीय पुरस्कार: मीना मिश्रा,शिक्षिका, सोनेलाल पटेल स्कूल, कानपुर
तृतीय पुरस्कार: दीपक राठौर,लेखक



शिक्षक समाज को दिशा देने और राष्ट्र के भविष्य को आकार देने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। शिक्षक केवल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उनमें संस्कार, अनुशासन, नैतिकता और जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करते हैं। बदलते दौर में शिक्षा के साथ तकनीक और नवाचार का समावेश जरूरी है। शिक्षकों को चाहिए कि वे विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने के अवसर दें। समाज में शिक्षकों के योगदान को सम्मानित करना हम सभी का दायित्व है। ऐसे आयोजन शिक्षकों को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ नई पीढ़ी को शिक्षा के महत्व का संदेश भी देते हैं। शिक्षक दिवस पर सभी शिक्षकों को हार्दिक शुभकामनाएं।
-आलोक मिश्रा, अध्यक्ष, सुभाष सेना एवं सुभाष यूथ सोसायटी, कानपुर नगर