news-details

प्रथम सोमवार पर पातालेश्वरनाथ धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो 

खड्डा, कुशीनगर। सावन माह के प्रथम सोमवार पर खड्डा तहसील क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध एवं प्राचीन पातालेश्वरनाथ धाम में शिवभक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भोर से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें मंदिर परिसर में लगनी शुरू हो गईं। "हर-हर महादेव" और "बोल बम" के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक तथा बेलपत्र अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर में दिनभर दर्शन-पूजन का सिलसिला जारी रहा। खड्डा क्षेत्र के अलावा आसपास के गांवों एवं अन्य जनपदों से भी बड़ी संख्या में कांवड़िए और शिवभक्त बाबा पातालेश्वरनाथ के दर्शन के लिए पहुंचे।

पातालेश्वरनाथ धाम के महंत सत्येंद्र गिरी जी महाराज ने बताया कि सावन का प्रथम सोमवार भगवान शिव की आराधना के लिए अत्यंत शुभ माना जाता है। उन्होंने कहा कि सच्ची श्रद्धा और विश्वास के साथ भोलेनाथ का जलाभिषेक करने वाले भक्तों की मनोकामनाएं अवश्य पूर्ण होती हैं। साथ ही उन्होंने श्रद्धालुओं से मंदिर की पवित्रता बनाए रखने और शांतिपूर्ण ढंग से दर्शन-पूजन करने की अपील की।

श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए मंदिर परिसर में आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। पूरे दिन आस्था, श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला तथा बाबा पातालेश्वरनाथ के जयघोष से पूरा क्षेत्र शिवमय बना रहा।