
Pardarshi Vikas Vews Lucknow
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने स्कूली बच्चों की सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। 1 अप्रैल 2026 से पूरे प्रदेश में 15 दिन का विशेष स्कूली वाहन फिटनेस अभियान शुरू कर दिया गया है। इस अभियान के तहत सभी स्कूल वाहनों की फिटनेस, पंजीकरण, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र (PUC) और भौतिक स्थिति की सघन जांच की जाएगी।
जिन वाहनों में खामियां पाई जाएंगी, उनकी फिटनेस तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दी जाएगी। सुधार के बाद ही उन्हें दोबारा संचालन की अनुमति मिलेगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन मालिकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम 1988 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस पहल के साथ परिवहन विभाग ने पहली बार यूपी इंटीग्रेटेड स्कूल व्हीकल मैनेजमेंट पोर्टल (UP-ISVMP) भी लॉन्च किया है। इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए स्कूली वाहनों की ऑनलाइन निगरानी, दस्तावेजों का सत्यापन और नियमों के पालन की रियल टाइम मॉनिटरिंग संभव होगी। जिला प्रशासन, परिवहन विभाग, पुलिस और स्कूल प्रबंधन सभी इस सिस्टम से जुड़े रहेंगे।
अभिभावकों की सुविधा के लिए पोर्टल पर “Know Your Bus” फीचर जोड़ा गया है, जिससे वे अपने बच्चे की बस से जुड़ी पूरी जानकारी—जैसे रजिस्ट्रेशन, फिटनेस स्टेटस, चालक का विवरण, बीमा और परमिट—आसानी से देख सकेंगे।
परिवहन आयुक्त किंजल सिंह ने कहा कि अभियान के बाद भी बिना फिटनेस वाले वाहनों पर कार्रवाई जारी रहेगी। इस पहल से बच्चों की सुरक्षा के साथ पारदर्शिता और अभिभावकों का भरोसा भी बढ़ेगा।