
PARDARSHI VIKASH NEWS आगरा के जैतपुर में प्रदीप मिश्रा हत्याकांड मामले में पुलिस की लापरवाही सामने आने के बाद कार्रवाई की गई है। डीसीपी पूर्वी अभिषेक अग्रवाल ने हल्का इंचार्ज प्रवेश दुबे को निलंबित कर दिया है। वहीं जैतपुर थाना प्रभारी दीपक कुमार के खिलाफ भी जांच शुरू कर दी गई है।यह कार्रवाई 19 जून को प्रदीप मिश्रा की अंत्येष्टि के दौरान परिवार की शिकायत के बाद हुई। परिजनों ने डीसीपी को बताया था कि हत्या से करीब आठ दिन पहले प्रदीप मिश्रा खुद थाने पहुंचे थे और आरोपी से मिली धमकी की शिकायत की थी, लेकिन उनकी तहरीर दर्ज नहीं की गई।परिवार का आरोप है कि आरोपी सोमेश पाराशर ने प्रदीप मिश्रा को जान से मारने की धमकी दी थी। इससे पहले भी धमकी मिलने की बात कही गई थी, लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया।शिकायत के बाद जांच में प्रथम दृष्टया लापरवाही सामने आने पर डीसीपी पूर्वी ने दरोगा प्रवेश दुबे के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की। साथ ही एसीपी बाह को जैतपुर एसओ दीपक कुमार की भूमिका की जांच सौंपी गई है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।