
पारदर्शी विकास ब्यूरो कसया, कुशीनगर। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर अपने उज्ज्वल भविष्य के सपने संजो रही एक युवती की जिंदगी सड़क हादसे की भेंट चढ़ गई। कसया थाना क्षेत्र के भैंसहा पकड़ीहवा गांव के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-28 पर हुए इस दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।जानकारी के अनुसार कनखोरिया गांव निवासी चंद्रशेखर शुक्ला की पुत्री डेजी शुक्ला (25) बीएससी की पढ़ाई पूरी कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। शुक्रवार को वह किसी आवश्यक कार्य से हेतिमपुर की ओर जा रही थी। भैंसहा नहर पुलिया के पास स्कूटी खड़ी कर जैसे ही वह सड़क पार करने लगी, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है।डेजी अपने पिता की तीन बेटियों में सबसे छोटी थी। उसकी असमय मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोगों ने भी इस होनहार बेटी की मौत पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए प्रशासन से दोषी वाहन चालक की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।