
8 कंपनी पीएसी, 1 कंपनी आरएएफ और पीएसी की फ्लड प्लाटून होंगी तैनात
डॉ.कमलकान्त उपमन्यु
मथुरा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर जिला व पुलिस प्रशासन की तैयारियां जोरशोर से चल रही हैं। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था का व्यापक खाका तैयार किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया कि श्रीकृष्ण जन्मस्थान, वृंदावन स्थित बांके बिहारी मंदिर और जिले के अन्य प्रमुख देवालयों को शामिल करते हुए पूरे क्षेत्र को 7 जोन तथा 35 सेक्टर में बांटा गया है। प्रत्येक जोन और सेक्टर में पुलिस अधिकारियों तथा मजिस्ट्रेटों की तैनातियां की गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए 8 कंपनी पीएसी, 1 कंपनी आरएएफ और पीएसी की फ्लड प्लाटून को तैनात किया गया है। इसके अलावा, भीड़ में असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए सादा वर्दी में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। खुफिया तंत्र को सक्रिय करने के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार क्षेत्रों में भ्रमणशील हैं। त्योहार के दौरान व्यवस्थाएं सुचारू रखने के लिए भंडारा आयोजकों, होटल और आश्रम संचालकों के साथ बैठकें की गई हैं।