news-details

प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह की समीक्षा बैठक, विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की हुई गहन समीक्षा

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS फर्रुखाबाद में उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के मंत्री तथा जनपद प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति और कानून व्यवस्था की स्थिति का गहन मूल्यांकन किया गया।बैठक के दौरान प्रभारी मंत्री ने जननी सुरक्षा योजना की खराब रैंकिंग पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को कार्यप्रणाली में सुधार लाने और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि लापरवाही बरतने वाले विभागों की जवाबदेही तय की जाएगी।बैठक से पहले विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत लाभार्थियों को सहायता सामग्री, अनुदान राशि के चेक और स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। इसमें कृषि विभाग, एनआरएलएम, मुख्यमंत्री आवास योजना, युवा उद्यमी विकास अभियान, मत्स्य विभाग, श्रम विभाग और दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की योजनाएं शामिल रहीं।प्रभारी मंत्री ने जल जीवन मिशन की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए स्थलीय जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कई जगह कार्य पूर्ण हुए बिना ही कंप्लीशन सर्टिफिकेट जारी किए जा रहे हैं, जो गंभीर मामला है।सड़क, विद्युत, स्वास्थ्य और पर्यटन परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए और समयबद्ध तरीके से परियोजनाएं पूरी की जाएं। लोहिया अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर को जल्द स्वास्थ्य विभाग को हस्तांतरित करने के भी निर्देश दिए गए।इसके साथ ही उन्होंने बैंकों के निष्क्रिय खातों की केवाईसी कराकर लाभार्थियों तक धनराशि पहुंचाने और जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर विकास कार्यों को गति देने के निर्देश दिए।बैठक में विधायकगण, भाजपा जिलाध्यक्ष, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।