
पारदर्शी विकास न्यूज़ वृन्दावन। छीपी गली स्थित ठाकुर प्रियावल्लभ कुंज में श्रीहित उत्सव चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में 15 से 19 सितंबर तक पंच-दिवसीय श्रीराधा जन्म महोत्सव आयोजित किया जाएगा। महोत्सव का शुभारंभ 15 सितंबर को सुबह 7 बजे ध्वजारोहण से होगा। इसके बाद मंगलगान और अखंड श्रीहरिवंश नाम संकीर्तन होगा। प्रतिदिन प्रभात फेरी, हितवाणी पाठ, श्रीराधा जन्म विषयक प्रवचन और रासलीला के कार्यक्रम होंगे। 16 से 18 सितंबर तक मंगल बधाई समाज गायन भी आयोजित किया जाएगा।18 सितंबर को संत-विद्वत सम्मेलन एवं सम्मान समारोह होगा, जिसमें ‘राधा सुधा निधि श्रीहित हरिवंश चन्द्र महाप्रभु’ ग्रंथ का विमोचन किया जाएगा। इस अवसर पर डॉ. सारिका शुक्ला को ‘हित निधि सम्मान’ और गोस्वामी सुकृत लाल महाराज को ‘श्रीहित परमानंद सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा।19 सितंबर को सुबह 4 बजे दाई बधाई गायन, 6 बजे जन्म मंगला आरती और 9 बजे श्रीजी की श्रृंगार आरती के दर्शन होंगे। इसके बाद बधाई गायन एवं दधिकांदा के आयोजन होंगे। ट्रस्ट अध्यक्ष आचार्य ललित वल्लभ नागार्च एवं हित वल्लभ नागार्च ने श्रद्धालुओं से महोत्सव में शामिल होने का आग्रह किया है।