
PARDARSHI VIKASH NEWS गोंडा के वजीरगंज थाना क्षेत्र के जटमलपुर गांव में शनिवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक युवक ने अपने बड़े भाई की पीट-पीटकर हत्या कर दी और फिर पिता पर हमला कर घर में आग लगा दी। इस घटना में लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया और एक भैंस की भी मौत हो गई।पुलिस के अनुसार, 19 वर्षीय अंकित निषाद की उसके छोटे भाई अक्कू उर्फ हुलसी निषाद (18) ने शीशम के डंडे से हमला कर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने अपने पिता भुल्लन निषाद पर भी हमला किया और घर में आग लगा दी। सूचना मिलने पर वजीरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।ग्रामीणों ने बताया कि देर रात घर से धुआं उठता देखा गया, जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे। वहां परिजन घायल अवस्था में मिले, जबकि घर का सामान पूरी तरह जल चुका था। एक भैंस भी मृत पाई गई।परिजनों के अनुसार आरोपी मानसिक रूप से अस्थिर था और पहले भी घर में तोड़फोड़ और मारपीट करता रहा है। परिवार उसकी हरकतों को नजरअंदाज करता रहा, जिससे स्थिति बिगड़ती चली गई।फिलहाल पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।