
PARDARSHI VIKASH NEWS फर्रुखाबाद के नवाबगंज थाना क्षेत्र के बघोना गांव में पारिवारिक विवाद के बाद एक व्यक्ति की मौत का मामला सामने आया है। मृतक के भाई ने आरोप लगाया है कि पत्नी और दो नाबालिग बेटों ने मिलकर लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला कर राजकुमार की हत्या कर दी। शिकायत के अनुसार, राजकुमार ने गुरुवार को अपनी भैंस 20 हजार रुपये में बेची थी, जिसके बाद घर में पैसों को लेकर विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि शराब के नशे में घर लौटने के बाद कहासुनी बढ़ी और विवाद हिंसक हो गया।परिजनों के मुताबिक, मारपीट के बाद राजकुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने मृतक के भाई आकाश की तहरीर पर पत्नी अनुपम और दोनों नाबालिग बेटों के खिलाफ हत्या समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी तथा पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।