
पारदर्शी विकास ब्यूरो / कुशीनगर। किसानों की समस्याओं, गन्ने के समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी और बंद चीनी मिलों को चालू कराने समेत विभिन्न मांगों को लेकर बुधवार को समाजवादी पार्टी ने कुशीनगर कलेक्ट्रेट स्थित बुद्धा पार्क के मुख्य द्वार पर धरना-प्रदर्शन किया। पूर्व मंत्री राधेश्याम सिंह के नेतृत्व में जुटे सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए किसानों के हितों की अनदेखी का आरोप लगाया। प्रदर्शन के बाद राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी (एडीएम) को सौंपा गया।धरने के समापन पर सपा नेताओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपने की बात कही। शिक्षक एमएलसी चुनाव की मतगणना में व्यस्त होने के कारण जिलाधिकारी मौके पर नहीं पहुंच सके और उन्होंने एसडीएम को ज्ञापन लेने भेजा। इस पर पूर्व मंत्री राधेश्याम सिंह ने एसडीएम को ज्ञापन देने से इनकार कर दिया। इसके बाद जिलाधिकारी ने फोन पर सपा नेताओं से बातचीत की और एडीएम को धरनास्थल पर भेजा। दोपहर करीब ढाई बजे पहुंचे एडीएम ने ज्ञापन स्वीकार किया और उसे राज्यपाल कार्यालय तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। इसके बाद धरना समाप्त हुआ।सपा नेताओं ने चालू पेराई सत्र के लिए गन्ने का समर्थन मूल्य 600 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित करने की मांग की। पूर्व मंत्री राधेश्याम सिंह ने कहा कि बाजार में लकड़ी 700 रुपये प्रति क्विंटल बिक रही है, जबकि किसानों को गन्ने का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है। उन्होंने खाद, डीजल और बीज की बढ़ती कीमतों पर भी चिंता जताई। साथ ही यूरिया की बोरियों में निर्धारित मात्रा को लेकर उठ रही शिकायतों का मुद्दा भी उठाया।ज्ञापन में पडरौना, कप्तानगंज और लक्ष्मीगंज की बंद चीनी मिलों को तत्काल चालू कराने की मांग की गई। सपा नेताओं ने कहा कि चीनी मिलों के बंद रहने से क्षेत्र के गन्ना किसानों को परेशानी उठानी पड़ती है। इसके अलावा कुशीनगर एयरपोर्ट से नियमित उड़ान सेवा शुरू कराने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।धरना-प्रदर्शन में सपा जिलाध्यक्ष राम अवध यादव, राजेंद्र उर्फ मुन्ना यादव, विजेंद्र उर्फ बबलू यादव, विजय कुशवाहा, अवध ठकुराई, पुरेंद्र यादव, उदय नारायण गुप्ता, कैंसर जमाल टीटू, एके बादल, विक्रमा यादव, चंद्र प्रकाश यादव, रणविजय सिंह, अजित दुबे, काजल यादव और सम्पूर्णा देवी समेत सैकड़ों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।