
बसपा की मजबूत तैयारी से विरोधी बेचैन, पार्टी के विरुद्ध षड्यंत्र में जुटे
PARDARSHI VIKASH NEWS लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री बहन मायावती ने बसपा प्रत्याशियों के चयन को लेकर मीडिया की ओर से स्टिंग ऑपरेशन और सवालिया निशान उठाने की आलोचना की है और कहा है कि बहुजन समाज पार्टी ने संगठन चलाने के लिए कभी भी पूंजीपतियों का सहारा नहीं लिया।बी एस पी बाबा साहब डॉ अम्बेडकर के बताए रास्ते पर चलने वाली सर्वजन हिताय सर्वजन सुखाय की सच्ची और ईमानदार पार्टी है । मीडिया के एक वर्ग द्वारा दूसरी पार्टियों के चुनावी जुगाड आदि से लोगों का ध्यान बांटने के लिए पार्टी उम्मीदवारों के चयन को लेकर सवालिया निशान खड़े किए जा रहे हैं। बसपा सुप्रीमो ने पार्टी कार्यकर्ताओं को विरोधी पार्टियों के किसी भी प्रायोजित षड्यंत्र का शिकार होना और गुमराह होने से बचते हुए मिशन -2027की तैयारी में पूरी ताकत से जुटे रहने की अपील की है।सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी अपने बयान में मायावती ने कहा कि बसपा गरीब, शोषित, पीड़ित और उपेक्षित समाज के संवैधानिक अधिकारों तथा सामाजिक न्याय के लिए काम करने वाली एक सच्ची अंबेडकरवादी पार्टी है। उन्होंने कहा कि पार्टी किसी बड़े पूंजीपति या धनकुबेर के इशारे पर नहीं, बल्कि अपने समर्थकों के सहयोग और समर्पण के बल पर चलती है।मायावती ने आरोप लगाया कि चुनाव नजदीक आते ही कुछ राजनीतिक शक्तियां और मीडिया का एक वर्ग विभिन्न हथकंडों के जरिए बसपा, उसके आंदोलन और नेतृत्व को बदनाम करने का प्रयास करता है। उन्होंने कहा कि पार्टी उम्मीदवारों के चयन और आर्थिक सहयोग को लेकर फैलाई जा रही अफवाहें भ्रामक हैं तथा इससे जनता को गुमराह किया जा रहा है।बसपा प्रमुख ने स्पष्ट किया कि उत्तर प्रदेश में केवल प्रदेश अध्यक्ष ही नहीं, बल्कि पार्टी के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता संगठन को मजबूत करने तथा आगामी विधानसभा चुनाव के लिए संभावित उम्मीदवारों के चयन और स्क्रीनिंग की प्रक्रिया में सक्रिय रूप से लगे हुए हैं।उन्होंने मीडिया से तथ्यों की गहराई से जांच करने की अपील करते हुए कहा कि अधूरी जानकारी के आधार पर किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं है। साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं से विरोधियों के “प्रायोजित दुष्प्रचार” से सावधान रहने और मिशन 2027 को सफल बनाने के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करने का आह्वान किया।मायावती ने कहा कि बसपा की मजबूत तैयारियों से राजनीतिक विरोधियों की बेचैनी बढ़ी है और इसी कारण पार्टी को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने अपने संदेश का समापन “जय भीम, जय भारत” के नारे के साथ किया।