
PARDARSHI VIKASH NEWS पुरुषोत्तम मास की शुरुआत के साथ ही ब्रज में धार्मिक उत्सवों का दौर शुरू हो गया है। वृंदावन और गोवर्धन में श्रद्धालु 84 कोस परिक्रमा कर रहे हैं और मंदिरों में विशेष आयोजन हो रहे हैं। रविवार को वृंदावन के राधावल्लभ मंदिर में भगवान राधावल्लभ लाल ने भक्तों के साथ होली खेली। मंदिर के पुजारियों ने चांदी की पिचकारी से केशर, इत्र और गुलाब जल का छिड़काव किया, जबकि भक्तों पर फूलों की वर्षा की गई। भगवान सफेद पोशाक में हुरियारे स्वरूप में दर्शन दे रहे थे। शाम को मंदिर में दीप जलाकर दिवाली उत्सव भी मनाया जाएगा और भगवान के सामने चौसर का खेल होगा। वहीं मथुरा के ठाकुर द्वारिकाधीश मंदिर में अधिक मास के कार्यक्रम शुरू हुए, जहां ग्वाल दर्शन में ठाकुर जी चांदी के पालने में विराजमान हुए। मंदिर प्रवक्ता राकेश तिवारी ने बताया कि चंद्र और सूर्य वर्ष के अंतर को संतुलित करने के लिए आने वाले इस अतिरिक्त महीने को भगवान विष्णु ने अपना नाम देकर ‘पुरुषोत्तम मास’ बनाया। इस पूरे माह में दान-पुण्य, स्नान और पूजा का विशेष महत्व माना जाता है तथा मंदिरों में अलग-अलग मनोरथ उत्सव आयोजित किए जाएंगे।