
PARDARSHI VIKASH NEWS गोवर्धन में 17 मई से पावन पुरुषोत्तम मास (अधिकमास) मेला शुरू हो गया है, जो 16 जून 2026 तक चलेगा। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू किया है। मेले के दौरान परिक्रमा मार्ग को पूरी तरह नो-व्हीकल जोन घोषित किया गया है। हालांकि एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसे आपातकालीन वाहनों को छूट दी गई है। पुलिस की एडवाइजरी के अनुसार जमुनावता से दानघाटी मंदिर की ओर आने वाले वाहनों को ब्लॉक तिराहा से राजीव तिराहा की ओर डायवर्ट किया जाएगा। डीग रोड, नीमगांव फाटक और अन्य मार्गों से आने वाले वाहनों को कस्बे में प्रवेश नहीं मिलेगा और उन्हें बाईपास से भेजा जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था के तहत 21 प्रमुख स्थानों पर वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा। राजस्थान से आने वाले वाहन महमूदपुर चौराहा और मथुरा से आने वाले वाहन जमुनावता बाईपास पर रोके जाएंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 14 बड़े पार्किंग स्थल बनाए गए हैं, जिनमें जमुनावता हेलीपैड, पालई रोड, मल्टीलेवल पार्किंग, मेहारी धाम और अनाज मंडी क्षेत्र शामिल हैं। बसों और ट्रैक्टरों के लिए भी अलग पार्किंग व्यवस्था की गई है।